Sunday, March 25, 2007

अनुराग मुस्कान: क्रिकेट सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी

क्रिकेट सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी
-अनुराग मुस्कान

प्रश्न- वर्ल्ड कप में पहले बांग्लादेश और फिर श्रीलंका से मिली टीम इंडिया की हार से क्या साबित होता है?
उत्तर- शायद आपको गलत जानकारी है, 'हार' हमें बांग्लादेश और श्रीलंका से नहीं बल्कि बरमूडा से मिला है।
प्रश्न- जी हम फूलों के हार की बात नहीं कर रहे बल्कि हम हार-जीत वाली हार की बात कर रहे हैं, अब बताएं कि पहले बांग्लादेश और फिर श्रीलंका से मिली टीम इंडिया की हार से क्या साबित होता है?
उत्तर- अच्छा-अच्छा हार-जीत वाली हार, देखिए, इस हार से तो फिलहाल यही साबित होता है कि आजकल च्यवनप्राश, कोका कोला और तमाम एनर्जी ड्रिंक शायद नकली बन रहे हैं। इन उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए फौरी तौर पर एक टीम गठित की जानी चाहिए।
प्रश्न- टीम इंडिया की हार के लिए जिम्मेदार कौन है?
उत्तर- माफ कीजिएगा इस प्रश्न का उत्तर हम यहां नहीं दे पा रहे हैं क्योंकि दिलीप वेंगसरकर का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ जा रहा है।
प्रश्न- हार में कोच की कितनी बड़ी भूमिका मानी जाए?
उत्तर- हां, इस हार में कोच की बहुत अहम भूमिका हो जाती है। अगर कोच बॉब वूल्मर सटोरियों से पंगा नहीं लेते तो शायद हम जीत सकते थे।
प्रश्न- हम कोच बॉब वूल्मर की नहीं बल्कि कोच ग्रेग चैपल की बात कर रहे हैं। उनके बारे में आपका क्या ख्याल है?
उत्तर- ओह! ग्रेग चैपल इज ए वंडरफुल मैन। वह तो बॉब वूल्मर से अच्छे कोच ही नहीं बल्कि बॉब वूल्मर से अच्छे खिलाड़ी भी साबित हुए हैं।
प्रश्न- टीम इंडिया की ओवर ऑल परफार्मेंस में कौन सा पक्ष सबसे कमजोर नजर आया?
उत्तर- कमांडो ट्रेनिंग का।
प्रश्न- सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, वीरेन्द्र सहवाग, महेन्द्र सिंह धोनी और युवराज सिंह के प्रदर्शन के बारे में क्या कहना चाहेंगे?
उत्तर- सभी का प्रदर्शन लाजवाज रहा। विज्ञापनों में ये सभी बिग बी से भी ज्यादा अपीलिंग लगे।
प्रश्न- टीम इंडिया के दृष्टिकोण से सबसे विश्वसनीय खिलाड़ी किसे कहा जाए?
उत्तर- बरमूडा की टीम के कप्तान को।
प्रश्न- क्या टीम इंडिया की रणनीति में किसी तरह का बदलाव होना चाहिए था?
उत्तर- हां, बैटिंग आर्डर में। मुनाफ पटेल, हरभजन सिंह और अजित आगरकर को ओपनिंग सीक्वेंस में भेजना चाहिए था क्योंकि इनका प्रदर्शन टीम के शीर्ष खिलाड़ियों से कहीं बेहतर रहा।
प्रश्न- टीम इंडिया की हार से सबसे ज्यादा नुकसान किसे हुआ?
उत्तर- स्पॉन्सर्स, डिस्कोथिक, बार रेस्टोरेंट और टीम इंडिया के प्रशंसकों को।
प्रश्न- टीम इंडिया की हार से सबसे ज्यादा फायदा किसे हुआ?
उत्तर- बांग्लादेश के स्पॉन्सर्स, डिस्कोथिक, बार रेस्टोरेंट और प्रशंसकों को।
प्रश्न- टीम इंडिया की हार से किसे अप्रत्याशित लाभ होगा?
उत्तर- खबरिया चैनलों को। पहले वो जीत का विशलेषण करते लेकिन अब हार पर और ज्यादा जोरदार विशलेषण करेंगे। लिहाजा उनकी टीआरपी बढ़ेगी। कुछ पूर्व क्रिकेट खिलाड़ियों को भी बड़ा लाभ होगा। वे अब हार के बारे में तरह-तरह की ख्योरी पेश करेंगे। अगर टीम जीत जाती तो वे जीत को लेकर भांति-भांति के सिद्धांत पेश करते। यानि उनकी हर हाल में बल्ले-बल्ले है।
प्रश्न- 'जीत जाएंगे हम', गीत फ्लॉप होने के बाद अब टीम इंडिया को कौन सा गीत गाना चाहिए?
उत्तर- टीम इंडिया को अब 'हम होंगे कामयाब एक दिन' गीत गाना चाहिए। वैसे भी इससे पहले यह गीत न जाने कितनी ही मर्तबा काम दे चुका है।
प्रश्न- क्रिकेट को छोड़ कर टीम इंडिया के पास क्या विकल्प बचता है?
उत्तर- अभी क्रिकेट का हाल हॉकी और फुटबॉल जैसा नहीं हुआ है इसलिए अभी विकल्प के बारे में सोचना जल्दबाजी होगी।
प्रश्न- लेकिन जनता का गुस्सा कैसे शांत होगा?
उत्तर- इसके कई उपाय हैं। एक तो यह कि कोई ज्योतिषी यह घोषणा कर दे कि भारतीय चीम पर इन दिनों शनि की ढैया चल रही है, यानी ढाई वर्ष बाद सब कुछ ठीक हो जाएगा। मतलब अगला वर्ल्ड कप पक्का। जनता के बीच बरमूडा के साथ खेले गए मैच की सीडी बंटवा दी जाए। अगले वर्ल्ड कप तक लोग यह सीडी देखते रहेंगे।

(26-03-2007 को 'नवभारत टाइम्स' में प्रकाशित)

2 comments:

उन्मुक्त said...

:-) :-)

ePandit said...

अनुराग जी आज आपकी सारी पोस्टें पढ़ डाली सभी एक से बढ़कर एक थीं। मेरे विचार से शायद आपने नारद पर हाल ही में पंजीकरण किया है जिस कारण पहले उन पर नजर नहीं गई।

उम्मीद है आगे भी ऐसी उम्दा रचनाएं पढ़नें को मिलती रहेंगी।

श्रीश शर्मा 'ई-पंडित'